शिव रहस्य / shiv Rahasya
शिव का अर्थ— शुभ। अच्छा। लेकिन शिव के व्यक्तित्व में, जिसे हम बुरा कहें वह सब भी मौजूद है। जिसे हम बुरा कहें, वह सब मौजूद है। शिव का अर्थ ही है #शुभ, लेकिन शिव को हमने विध्वंस का देवता माना है। विनाश का। उसी से अंत होगा जगत का। हैरानी की बात मालूम पड़ती है कि जो शुभ है, #शिव है, वह विध्वंस का देवता होगा। लेकिन बड़ी कीमती बात है।
हम कभी यह मान ही न पाए कि इस जगत का अंत अशुभ से हो। इस जगत का अंत उस पूर्णता में हो जहां शुभ का सारा फूल खिल जाए। अंत जो हो, वह अंत ही न हो, पूर्णता भी हो। अंत जो हो, वह सिर्फ मृत्यु ही न हो बल्कि महाजीवन का अंतिम शिखर भी हो।
और हमारी शुभ की जो धारणा है, वह भी बड़ी अद्भुत है। दुनिया में जहां भी शुभ की धारणा की गई है, वह अशुभ के विपरीत है। इसलिए भारत को छोड़ कर सारे जगत में सभी धर्मों ने, जो भारत के बाहर पैदा हुए दो ईश्वर मानने की मजबूरी प्रकट की है। दो ईश्वर से मेरा मतलब है, एक को वे ईश्वर कहते हैं, एक को वे शैतान कहते हैं। बुराई का भी एक ईश्वर है। उसको अलग करना पड़ा है। भलाई का एक ईश्वर है, उसको अलग करना पड़ा है। और जब मैं कहता हूं कि दो ईश्वर, तो कई कारणों से कहता हूं।
अंग्रेजी में शब्द है, डेविल। वह संस्कृत के देव शब्द से ही बना है। वह भी देवता है। बुराई का देवता है। बुराई का देवता अलग निर्मित करना पड़ा है। क्योंकि भारत के बाहर कोई भी मनीषा इतनी हिम्मत की नहीं हो सकी कि बुराई और भलाई को एक ही व्यक्तित्व में निहित कर दें। यह बड़ा साहस का काम है। सोच ही नहीं पाते हैं। हम भी नहीं सोच पाते हैं। जब हम कहते हैं फलां आदमी महात्मा है, तो फिर हम सोच ही नहीं पाते हैं कि उसमें कुछ भी... जैसे क्रोध महात्मा कर सके, यह हम सोच ही नहीं सकते। लेकिन शिव क्रोध कर सकते हैं। और साधारण क्रोध नहीं; भस्म ही कर दें! और हिंदू-मन कहता है कि शिव से दयालु कोई भी नहीं है, बहुत भोले हैं। जरा भी कोई मना ले, तो किसी भी बात के लिए राजी हो जात हैं। ऐसा वरदान भी आदमी मांग सकता है कि खुद ही झंझट में पड़ें। तो यह आदमी अनूठा मालूम होता है। यह प्रतीक अनूठा मालूम होता है।
बुराई और #भलाई को हमने कभी भी दो विपरीत चीजें नहीं माना है। क्योंकि विपरीत मानकर ही जगत दो खंड में बंट जाता है और द्वैत शुरू हो जाता है। और फिर अगर विपरीत है भलाई और बुराई, तो पिर भलाई की जीत सुनिश्चित नहीं है। बुराई भी जीत सकती है। अगर बुराई और भलाई के बीच संघर्ष है, तो फिर भलाई की जीत सुनिश्चित नहीं है। फिर कौन तय करेगा कि अंत में ईश्वर ही जीतेगा और शैतान नहीं जीत जाएगा? जहां तक रोज का सवाल है, शेतान जीतता हुआ दिखाई पड़ता है। क्या पक्का है कि अंततः भी शैतान नहीं जीतेगा? अगर दो शक्तियां हैं इस जगत में, तो आज तक का जो अनंत इतिहास है आदमी का, उसमें कोई भी ऐसा क्षण नहीं मालूम पड़ता जब बुराई न रही हो। #बुराई और भलाई सदा ही संघर्षरत रही हैं।...
लेकिन भारत और ढंग से सोचता है। भारत बुराई को भलाई के विपरीत नहीं मानता। भारत बुराई को भलाई में आत्मसात कर लेता है। इसे हम ऐसा समझें, #भारत क्रोध को अनिवार्य रूप से बुरा नहीं कहता। भारत कहता है कि क्रोध अगर शुभ के लिए हो तो शुभ हो जाता है। क्रोध अगर शुभ के लिए हो तो शुभ हो जाता है।
भारत कहता है कि शक्तियां सब तटस्थ हैं। #विज्ञान अभी इस बात को अनुभव करता है कि शक्तियां सब तटस्थ हैं। शक्ति न शुभ होती है, न बुरा होती है। भारत कहता है क्रोध भी शक्ति है। एक #ऊर्जा है, एक"एनर्जी" है। तो क्रोध भी शुभ हो सकता है, अगर शुभ की सेवा में हो। अशुभ हो सकता है, अगर अशुभ की सेवा में हो। लेकिन क्रोध अपने आप में न शुभ है, न अशुभ है। मेरे हाथ में एक तलवार है, वह न शुभ है और न अशुभ है। मैं किसी की गर्दन काट कर लूट भी सकता हूं; और लुटते की, गर्दन कटते आदमी की रक्षा भी कर सकता हूं। तलवार अपने में तटस्थ है। भारत मानता है, सभी शक्तियां तटस्थ हैं। किसलिए उनका उपयोग होता है, इसपर सब कुछ निर्भर करेगा।
हम अशुभ को एक अलग देवता नहीं बनाते हैं, केवल शक्तियों का एक दुरुपयोग बताते हैं। शक्ति का दुरुपयोग किया जा सकता है। शक्ति का सदुपयोग किया जा सकता है। और सदुपयोग अंत में जीतेगा। क्योंकि दुरुपयोग करनेवाले को ही दुख लाता है। इसलिए अंततः दुरुपयोग जीत नहीं सकता। क्योंकि जिस चीज से मुझे ही दुख मिलता जाता हो, मैं कब तक उसे कर सकता हूं? कितना ही करता रहूं, अंततः मैं छूट ही जाऊंगा, क्योंकि दुख के साथ संबंध तय रखना असंभव है। जिस दिन मुझे पता चलेगा कि यह दख मैं ही निर्मित कर रहा हूं, उसी दिन मैं सदुपयोग में बदल दूंगा अपनी शक्ति को। अशुभ शुभ के विपरीत कोई शक्ति नहीं हैं। अशुभ और शुभ एक ही शक्ति के सदुपयोग और दुरुपयोग हैं। और वह शक्ति परमात्मा की है।
तो शिव के व्यक्तित्व में हमने समस्त शक्तियों को स्थापित किया है। अमृत है उनका जीवन। #मृत्यूंजय हैं वह, लेकिन जहर उनके कंठ में है। इसलिए #नीलकंठ हम उनको कहते हैं। उनके कंठ में जहर भरा हुआ है। जहर पी गए हैं। मृत्युंजय हैं, अमृत उनकी अवस्था है, मर वह सकते नहीं है, शाश्वत हैं और जहर पी गए हैं। शाश्वत जो है, वही जहर पी सकता है। जो मरणधर्मा है, वह जहर कैसे पिएगा?
और यह जहर तो सिर्फ प्रतीक है। शिव के व्यक्तित्व में जिस-जिस चीज को हम जहरीली कहें, वे सब उनके कंठ में हैं। कोई स्त्री उससे विवाह करने को राजी नहीं थी। कोई पिता राजी नहीं होता था। उमा का पिता भी बहुत परेशान हुआ था। पागल थी लड़की, ऐसे वर को खोज लाई, जो बेबूझ था! जिसके बाबत तय करना मुश्किल था कि वह क्या है? परिभाषा होनी कठिन थी। क्योंकि वह दोनों ही था। बुरे से बुरे उसके भीतर था। भले से भला उसके भीतर था। और जब बुरा भीतर होता है तो हमारी आंखें बुरे को देखती हैं, भले को नहीं देख पातीं। क्योंकि बुरे को हम खोजते रहते हैं। बुरे को हम खोजते रहते हैं। कहीं भी बुरा दिखाई पड़े तो हम तत्काल देखते हैं, भले को तो हम बामुश्किल देखते हैं। भला बहुत ही हम पर हमला न करे, माने ही न, किए ही चला जाए तब कहीं मजबूरी में हम कहते हैं— होगा, शायद होगा। लेकिन बुरे की हमारी तलाश होती है।
तो अगर लड़की के पिता को शिव में बुरा ही बुरा दिखाई पड़ा हो, तो कोई हैरानी की बात नहीं है। लेकिन भीतर जो श्रेष्ठतम, शुद्धतम शुभत्व है, वह भी था। और दोनों साथ थे, और दोनों इतने संतुलित थे कि वह जो व्यक्ति था, दोनों के पार हो गया था।
इसे थोड़ा ठीक से समझ लें।
जब बुराई और भलाई पूर्ण संतुलन में होती है तो #संत पैदा होता है। संत भले आदमी का नाम नहीं है। भले आदमी का नाम सज्जन है। बुरे आदमी का नाम दुर्जन है। भलाई और बुराई को, दोनों को जो इस ढंग से आत्मसात कर ले कि वे दोनों संतुलित हो जाएं और एक-दूसरे को काट दें; बराबर मात्रा में हो जाएं और एक-दूसरे को काट दें, तो दोनों के पार जो व्यक्तित्व पैदा होता है, वह संत है। संत एक गहन #संतुलन है।
🍃🙏🏼🍃🙏🏼🍃🙏🏼🍃🙏🏼🍃🙏🏼🍃🙏🏼🍃

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts,please let me know