पनीर की कढ़ी (Hindi recipe)
भारत के अलग-अलग प्रांतों में अलग-अलग तरह से कढ़ी की सब्जी तैयार की जाती है। हर तरह की कढ़ी का स्वाद भी अलग होता है और उसमें लगने वाली सामग्री भी अलग होती है। आपने कई बार बेसन की पकौड़ी वाली कढ़ी खाई होगी, इसे भी लोग अलग-अलग तरह से बनाते हैं। इतना ही नहीं, भिंडी की कढ़ी, पापड़ की कढ़ी, टमाटर की कढ़ी के बारे में भी आपने सुना होगा। मगर आज हम आपको एक अलग तरह की कढ़ी बनाने की रेसिपी बताने जा रहे हैं।
आज हम आपको 'पनीर की कढ़ी' बनाना सिखाएंगे। पनीर की भिन्न- भिन्न प्रकार की सब्जियां आपने खाई होंगी, मगर आप इससे बेहद आसानी से टेस्टी कढ़ी भी तैयार कर सकती हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि पनीर की कढ़ी बनाने में किसी तरह के इंग्रीडियंट्स लगते हैं और इसे कैसे तैयार किया जा सकता है।
विधि
* सबसे पहले पनीर को छोटे-छोटे क्यूब्स में काट लें। अगर आपने पनीर को पानी में स्टोर करके रखा हुआ है तो यह सुनिश्चित करें कि पनीर के क्यूब बनाने के बाद कुछ समय के लिए उन्हें अलग रख दें ताकि उनका पानी अच्छी तरह से निचुड़ जाए।
* अब आप दही में थोड़ा बेसन अच्छे से घोल लें और अलग रख दें। दही अगर खट्टा होगा तो कढ़ी का स्वादा ज्यादा अच्छा लगेगा, इसलिए हो सके तो दही को एक रात पहले फ्रिज से बाहर निकाल कर रख लें।
* अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें। आप तेल की जगह देसी घी का इस्तेमाल भी कर सकती हैं। इसके बाद आपको पनीर के क्यूब्स को फ्राई करना होगा। धीमी आंच में ही पनीर को फ्राई करें। पनीर को जलने न दें।
* इसके बाद कढ़ाई में बचे हुए तेल में राई दाना और मेथी दाना डालें। इसके बाद आप प्याज और लहसुन को अच्छी तरह से भून लें। फिर इसमें नमक और हल्दी मिक्स करें।
* फिर आप इस कढ़ाई में दही और बेसन का घोल डालें। इसे अच्छी तरह से पका लें। अगर घोल गाढ़ा हो रहा है तो आपको उसमें छाछ या फिर हल्का सा पानी डाल कर उसके गाढ़ेपन को दूर कर देना चाहिए।
* जब कढ़ी अच्छे से पक जाए तो उसमें पनीर के क्यूब्स डालें। अब कुछ देर कढ़ी को उबलने दें। ध्यान रखें, कढ़ी जितने अच्छे से उबलेगी उतनी स्वादिष्ट लगेगी।
* आखिर में एक तड़का पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें। इसमें राई दाने, करी पत्ता और खड़ी लाल मिर्च डालें। फिर इस तड़के को कढ़ी में डाल लें।
सामग्री
* 2 कप दही
* 1 कप पनीर के क्यूब्स
* 3 बड़े चम्मच बेसन
* 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
* 2 लाल खड़ी मिर्च
* 2 बड़े चम्मच प्याज बारीक कटी हुई
* 1 छोटा चम्मच राई दाना
* 7-8 करी पत्ता
* 1/2 छोटा चम्मच मेथी दाना
* 1 बड़ा चम्मच तेल या घी
* 1 छोटा चम्मच लहसुन बारीक कटा हुआ
* नमक स्वादानुसार
विधि
Step 1
सबसे पहले पनीर को काट लें और तेल में फ्राई करके अलग रख लें।
Step 2
अब बेसन और दही का मिश्रण तैयार करें और अलग रख लें।
Step 3
इसके बाद कढ़ाई में तेल गरम करें और उसमें राई दाना और मेथी दाना डालें। इसके साथ ही लहसुन और प्याज भी कढ़ाई में डालें और अच्छी तरह से भून लें।
Step 4
इसके बाद आप दही और बेसन का घोल कढ़ाई में डालें और साथ ही हल्दी और नमक डाले। इस सामग्री को अच्छी तरह से पकाएं।
Step 5
जब घोल अच्छी तरह से पक जाए तो उसमें पनीर के क्यूब्स डालें और थोड़ी देर उबालें। इसके बाद आपको राई दाना, करी पत्ता और खड़ी लाल मिर्च का तड़का लगाना है। फिर आप गरम-गरम पनीर की कढ़ी को रोटी और चावल के साथ परोस सकते हैं। यह रेसिपी आपको अच्छी लगी हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
If you have any doubts,please let me know